हिमाचल प्रदेश में प्री- मानसून की झमाझम बारिश से तापमान में आई गिरावट
हिमाचल। प्रदेश में आज सुबह से बारिश का सिलसिला जारी है, प्री- मानसून की झमाझम बारिश ने लोगों को गर्मी से काफी राहत पहुंचाई है। आज सुबह से ही लाहुल स्पीति को छोड़ बाकी सभी जिलों में बारिश के साथ तेज आंधी और ओलावृष्टि की बौछार हो रही है। मौसम विभाग द्वारा प्रदेश में आज और कल बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। एक ओर बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, तो वहीं दूसरी ओर फलों और फसलों को भी खाका नुकसान हुआ है। तेज ओलावृष्टि के कारण 40 प्रतिशत तक सेब पेड़ों से झड़ गए है। सिरमौर जिले की बात करें तो यहां पर प्लम और आड़ू को काफी नुकसान पहुंचा है, वहीं आंधी चलने से 11 मकान और पांच गौशाला क्षतिग्रस्त हो गई हैं।
20 जून तक दे सकता है मानसून अपनी दस्तक
बारिश ने बढ़ते तापमान से राहत तो पहुंचायी है, लेकिन काफी नुकसान भी पहुंचा दिया है। मौसम विभाग द्वारा आशंका जताई गई है कि 20 जून तक प्रदेश में मानसून अपनी दस्तक दे सकता है, वैसे तो सामान्य तौर से प्रदेश में मानसून 25 से 26 जून के बीच में आता है, लेकिन इस बार बारिश के सिलसिले के चलते बताया जा रहा है, कि समय से पहले ही मानसून अपनी दस्तक देगा। बारिश से प्रदेश के तापमान में काफी असर हुआ है, न्यूनतम व अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।