कुल्लू जिले के सेब से महकने लगी अन्य राज्यों की मंडियां, मंडियों में पहुंची 5,89,557 पेटियां
हिमाचल। प्रदेश में सेब का उत्पादन अच्छा होता है, इन दिनों सेब का सीजन चल रहा है, जिसके चलते हिमाचल प्रदेश का सेब तमाम मंडियों में पहुंच रहा है। हिमाचली सेब की मांग हर एक मंडी में अधिक रहती है, वहीं इस बार सेब की पैदावार भी काफी अच्छी हो रखी है। लोअर बेल्ट का सेब एक ओर समाप्ति की ओर बढ़ रहा है, तो वहीं दूसरी ओर से ऊंचाई वाला सेब मंडियों में पहुंचने लग गया है। रायल सेब की कीमत मंडियों में 70 रुपये किलो तक हो रखी है।
प्रदेश में अधिकतर लोगों का सेब का व्यापार है, इस बार के सेब सीजन में लोगों ने काफी अच्छी कमाई की है। कुल्लू जिले की बात करें तो यहां का सेब भी मंडियों में दस्तक दे चुका है। दिल्ली, गुजरात, चेन्नई जैसे कई शहरों की मंडियों में कुल्लू का सेब पहुंच रहा है। प्रतिदिन 30 से ज्यादा ट्रक मंडियों में सेब लेकर पहुंच रहे है।
सेब सीजन के बाद अब जल्द ही कुल्लू की मंडियों में अनार और जापानी फल देखने को मिलेगा। अनार के तैयार होने में अभी दो से तीन सप्ताह के समय लगेगा। इस बार लोअर बेल्ट के सेब का मंडियों में पहुंचने पर ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों से भी सेब मंडियों में पहुंचने लग गया है। ऊंचाई वाले सेब ने जल्द ही मंडियों में अपनी दस्तक दे दी है।