मणिमहेश यात्रा का शाही स्नान 22 सितंबर से: 23 घंटे 18 मिनट रहेगा शुभ मुहूर्त; HRTC द्वारा अतिरिक्त बसों की सेवा उपलब्ध
मणिमहेश, हिमाचल प्रदेश: उत्तर भारत की पवित्र और पावन मणिमहेश यात्रा के शाही स्नान का मुहूर्त 22 सितंबर को दोपहर 1:36 बजे से शुरू होगा और 23 सितंबर को दोपहर 12:18 मिनट तक चलेगा। इस स्नान के साथ ही मणिमहेश यात्रा भी आधिकारिक रूप से पूरी हो जाएगी। इस महत्वपूर्ण पर्व पर श्रद्धालु डल झील में डुबकी लगाते हैं और शिव चेलों द्वारा डल का तोड़ने का आयोजन भी होता है।
राधा अष्टमी पर्व के दिन, शाही स्नान का शुभ मुहूर्त 23 घंटे 18 मिनट तक रहेगा, जिसके दौरान श्रद्धालुओं को मणिमहेश यात्रा का आनंद लेने का अवसर मिलेगा। इस यात्रा के लिए हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (HRTC) ने अतिरिक्त बसों की सेवा शुरू की है, ताकि श्रद्धालुओं को सुविधाजनक तरीके से यात्रा करने का मौका मिले।
मणिमहेश यात्रा 6 सितंबर को जन्माष्टमी पर्व के साथ शुरू हुई थी और 23 सितंबर को इसका पूरा कार्यक्रम समाप्त हो जाएगा। यात्रा के दौरान प्रतिदिन आवागमन कर रहे श्रद्धालु डल झील में स्नान का आनंद ले रहे हैं। यहां पांच से सात हजार लोग प्रतिदिन यात्रा करते हैं।