हिमाचल प्रदेश में कल से राहत बरसने की उम्मीद, आज सक्रिग होगा पश्चिमी विक्षोभ
हिमाचल। प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर जारी है, लोगों का गर्मी से हाल बुरा चल रहा है, इस बीच प्रदेश में कल से राहत बरसने की उम्मीद जताई जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक आज से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिसका असर कल से प्रदेश में दिखाई देगा। प्रदेश में लाहुल स्पीति को छोड़ बाकी सभी इलाकों में 40 किलोमीटर की रफ्तार से आंधी चलने और भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
प्रदेश में 21 जून तक दे सकता है मानसून अपनी दस्तक
मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल द्वारा बताया गया कि हिमाचल प्रदेश में 21 जून तक मानसून अपनी दस्तक दे सकता है, वहीं आज पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कल से प्री मानसून की बारिश शुरु हो जाएगी। गर्म लू का सिलसिला प्रदेश में लगातार जारी है। बढ़ते तापमान से कई स्थानों पर दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की गई। सबसे अधिक वृद्धि शिमला में 4.7 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज की गई है। बढ़ते तापमान ने लोगों की समस्याएं बढ़ा रखी है, दिन के समय तो घरों से बाहर निकलना तक मुश्किल हो रखा है।
बढ़ते तापमान के बीच बढ़ रहा बीमारियों का खतरा
डॉक्टरों द्वारा बच्चों व बूढ़ों को दिन के समय धूप में निकलने से मना किया गया है, साथ ही बढ़ती बीमारियों के खतरे को देख भी सावधान किया गया है। गर्मियों में तापमान के साथ ही बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है, लोग बुखार, जुखाम, उल्टी से अधिक ग्रसित चल रहे है। अस्पतालों में भी मरीजों की लंबी लाइनें सुबह से ही लगी हुई है।