गणेश चतुर्थी आज, दो साल बाद घरों में धूमधाम के साथ विराजमान होंगे गणपति बप्पा
हिमाचल। प्रदेश में गणेश चतुर्थी की धूम मची हुई है, दो साल बाद आज गणपति बप्पा घरों में विराजमान होने जा रहे है। बीते दो सालों से कोरोना महामारी के चलते गणेश चतुर्थी का उत्सव मनाया नहीं गया था, वहीं इस बार हालातों में सुधार के चलते गणेश चतुर्थी का पर्व पूरे धूम- धाम के साथ मनाया जा रहा है। गणपति बप्पा को घर में विराजमान कराने के शुभ मुहुर्त 11:05 बजे से दोपहर के 1:38 बजे तक है। इस बीच गणपति को घर में कभी भी विराजमान करा सकते है।
गणेश उत्सव आज से 10 दिनों तक चलेगा
गणपति को आज बुद्धि, समृद्धि और सौभाग्य के देवता के रुप में पूजा जाता है। आज के दिन भगवान गणेश का जन्म हुआ था, जिसके चलते इस दिन को गणेश चतुर्थी के रुप में मनाया जाता है। गणेश उत्सव आज से पूरे 10 दिन तक चलेगा। गणेश चतुर्थी को लेकर घरों से लेकर बाजार तक गुलजार हो रखे है। घरों में रंग- बिरंगी लाइटों के साथ ही फूलों की सजावट भी की गई है, वहीं राजधानी शिमला में दो बाद आज गणेश चुतुर्थी की धूम मची है।
अंबाला से लाई गई पांच फीट ऊंची मूर्तियां
तारघर से नाज तक आज भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी। सिद्धि विनायक सेवा मंडल ट्रस्ट के प्रधान आशुतोष अग्रवाल द्वारा बताया गया कि अंबाला से गणेश जी की पांच फीट ऊंची मूर्तियां लाई गई है। दोपहर में मूर्ति स्थापना के बाद मंजिर में भंडारे का आयोजन किया गया है, वहीं 10 दिनों तक मंदिर में सत्यनारायण की कथा चलेगी, साथ ही भजन कीर्तन का आयोजन भी किया गया है।