कुल्लू में सीएम केजरीवाल ने निकाली तिरंगा यात्रा कहा-दिल्ली की तरह हिमाचल को भी बनाएंगे भ्रष्टाचार मुक्त
हिमाचल। प्रदेश में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने आज कुल्लू में तिरंगा यात्रा निकालने के लिए यहां पहुंचे। जहां भुंतर एयरपोर्ट पर पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा उनका फूल मालाओं के साथ स्वागत किया गया। फिर उसके बाद केजरीवाल ने कुल्लू कॉलेज के गेट से ढ़ालपुर तक 300 मीटर की लंबी तिरंगा यात्रा निकाली, इस दौरान केजरीवाल रथ में सवार रहे जिसमें कि उनके साथ पंजाब के सीएम भगवंत मान हिचाचल प्रदेश के पार्टी अध्यक्ष सुरजीत ठाकुर भी थे।
ढ़ालपुर में सीएम ने किया जनता को संबोधित
ढ़ालपुर में केजरीवाल ने जनता को संबोधित करते हुए कुछ देर तक प्रदेश की सरकार को शिक्षा, स्वास्थ्य, और बिजली जैसे मुद्दों को लेकर हमला बोला। केजरवाल ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि हम राजनीति नहीं जानते और न ही हम यहां राजनीति करने के लिए आए हैं। हमारा यह सफर अन्ना के आंदोलन से शुरु हुआ था और उसके बाद ही हमने पार्टी का गठन किया था। हमारी पार्टी का मकसद केवल देश में भ्रष्टाचार को मिटाना है। इसकी शुरुआत पार्टी ने सबसे पहले दिल्ली के भ्रष्टाचार को खत्म करके की है और अब पंजाब में पार्टी ने एक कदम बढ़ाया है। जिसके परिणाम धीरे-धीरे आप लोगों के सामने आ ही रहे हैं।
कुल्लू में प्रदेश की चारों ओर लोकसभा क्षेत्रों के लिए चार रथ रवाना किए गए हैं। इन सभी बदलाव रथों के माध्यम से प्रदेश की जनता को आम आदमी पार्टी के बारे में बताया जाएगा। साथ ही भगवंत मान ने बताया कि आप पार्टी प्रदेश में साफ शासन और स्वच्छ वातावरण देगी। जिससे कि राज्य भ्रष्टाचार से मुक्त होगा।