11 सितंबर से होगा कांगड़ा और चंबा जिले के युवाओं के लिए अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन
हिमाचल। प्रदेश के युवाओं के लिए अग्निवीर बनने का सुनहरा मौका आ चुका है, अग्निवीर बनने के इच्छुक युवा अपने सभी दस्तावेजों को तैयार कर ले, क्योंकि जल्द ही उनके लिए भर्ती रैली का आयोजन किया जाने वाला है। जिला कांगड़ा और चंबा में 11 सितंबर से भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है। अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय के मैदान में किया जाएगा। भर्ती के लिए सभी दस्तावेज लाना अनिवार्य किया गया है। सेना भर्ती कार्यालय पालमपुर के निदेशक कर्नल राजीव सिरोही ने कहा कि अग्निवीर भर्ती के लिए अभ्यर्थियों को अपने सभी दस्तावेजों को ले जाना एक जिम्मेदारी का कार्य है, व सभी को अपनी इस जिम्मेदारी को भली- भांति निभाना चाहिए।
भर्ती के लिए युवाओं को जरुरी दस्तावेज के तौर पर प्रवेश पत्र, हिमाचल अधिवास प्रमाण पत्र, कक्षा 10 वीं और 12वीं का प्रमाण पत्र साथ ही आधार कार्ड अनिवार्य रुप से ले जाना है। पालमपुर निदेशक कर्नल राजीव सरोही द्वारा सभी अभ्यर्थियों को सूचित किया गया है कि इन दिनों बारिश का सीजन चल रहा है, जिसके चलते मौसम कब अपना रुख बदल दें, कुछ कहा नहीं जा सकता है।
इसके तहत सभी अपने दस्तावेजों को सुरक्षित तरीके से वाटरप्रूफ बैग में लाए, इसके साथ ही कर्नल ने सभी अभ्यर्थियों को सावधान रहने के निर्देश भी दिए, क्योंकि इन दिनों भर्ती के नाम पर बहुत से बच्चों के साथ धोखा हो जाता है। कई लोग भर्ती के चलते बच्चों को सेना में भर्ती करने का झूठा दावा करते है, और फिर उनसे पैसे ठग लेते है। इन सभी से बचाव करते हुए सेना भर्ती की तैयारी करें।