जिला कांगड़ा में गर्मी से निजात मिलने के बाद डीसी ने जारी किए स्कूलों को खोलने के नए निर्देश
हिमाचल। जिला कांगड़ा में बढ़ती गर्मी के चलते स्कूलों को खोलने व बंद करने के समय को बदल दिया गया था, स्कूलों को सुबह नौ बजे की जगह 7 बजकर 45 मिनट पर खोलने के निर्देश दिए गए थे, ताकि बच्चों को तपिश वाली गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकें, वहीं स्कूलों को सुबह जल्दी खोलने से अभिभावक भी खुश थे। सभी का कहना था कि इतनी तेज धूप में बच्चों पर बीमारी का खतरा बढ़ रहा है।
पहले की भांति तय की गई समय सारिणी
जिसे देख शिक्षा विभाग ने भी स्कूलों को आदेश दे दिए थे, कि वह अपने हिसाब से स्कूलों को खोलने व बंद करने की टाइमिंग सेट कर सकते है, जिसके चलते स्कूलों में टाइमिंग को बदल दिया गया था, लेकिन अब बीते दो- तीन दिनों से प्री मानसून की बारिश के चलते गर्मी से काफी राहत मिली है। बढ़ते तापमान में भी काफी कमी देखी गई है, इसके बाद अब जिले में सुबह के समय स्कूल खोलने के आदेश को निरस्त कर दिया गया है। स्कूल अब पहले की भांति सुबह नौ बजे से शाम के तीन बजे तक खोले जाएंगे।
बढ़ती गर्मी व गर्म लू के चलने से बदली गई थी टाइमिंग
स्कूलों को पहले की तरह संचालित करने के आदेश मिलने के बाद उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल द्वारा बताया गया कि अब कांगड़ा जिले में स्कूलों के खुलने व छुट्टी होने की समय सारिणी को पहले की तरह कर दिया गया है। जिले में बढ़ती गर्मी व गर्म लू के चलने से स्कूलों की टाइमिंग बदली गई थी, सुबह 7 बजकर 45 मिनट पर स्कूल खोलने व दोपहर एक बजे के समय में स्कूलों को बंद करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अब प्री मानसून की दस्तक व गर्मी से निजात मिलने पर स्कूलों की समय सारिणी को पहले की भांति शुरु किया जाएगा।