आम आदमी पार्टी हिमाचल प्रदेश में आज करेगी राज्य कार्यकारिणी घोषित
हिमाचल। आम आदमी पार्टी आज हिमाचल प्रदेश में राज्य कार्यकारिणी की घोषणा करेगी, कार्यकारिणी घोषित किए जाने के बाद लोकसभा स्तक के संयोजक घोषित किए जाएंगे। दो स्तर पर संगठन का गठन किया जाएगा, आम आदमी पार्टी आज हिमाचल प्रदेश में दो महीने के बाद अपने संगठन का पुनर्गठन करेगी। आप पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अनूप केसरी के बीजेपी में शामिल होने के बाद कई पार्टी के पदाधिकारियों ने आप पार्टी को छोड़ दूसरी पार्टी में मौजूदगी दर्ज कर ली है।
उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया करेंगे कार्यकारिणी की घोषणा
आप पार्टी द्वारा राज्य कार्यकारिणी को भंग कर दिया गया था, लेकिन आज राज्य कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया व हिमाचल प्रदेश के सह प्रभारी डॉक्टर संदीप पाठक द्वारा राज्य कार्यकारिणी की घोषणा की जाएगी। डॉक्टर संदीप पाठक को अभी कुछ दिन पहले ही हिमाचल का सह प्रभारी बनाया गया है, वहीं प्रदेश के प्रभारी दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन की ईडी की गिरफ्तारी के बाद संगठन के कामकाज को संभालने के लिए पार्टी द्वारा नए चेहरे की तलाश की जा रही थी।
प्रदेश की सभी 68 सीटों पर लड़ेगी चुनाव
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में आज आप पार्टी अपने संगठन की घोषणा करेगी, वहीं बताया जा रहा है कि आप पार्टी संगठन की घोषणा के दौरान क्षेत्रीय संतुलन को साधने का प्रयास भी करेगी। सभी की नजरें आप पार्टी द्वारा की जाने वाली घोषणाओं पर टिकी हुई है। आप पार्टी प्रदेश की सभी 68 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुकी है, वहीं हिमाचल प्रदेश में मंडी और कांगड़ा में खुद आप पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रैली कर चुके हैं।
सीएम केजरीवाल कुछ दिनों में करेंगे शिमला में रैली
बताया जा रहा है कि आने वाले कुछ दिनों में केजरीवाल हमीरपुर व शिमला में भी रैली कर सकते है। आम आदमी पार्टी द्वारा दावा किया जा रहा है कि प्रदेश के लोग बीजेपी व कांग्रेस की सरकार से परेशान हो चुके है, इन दोनों की नीतियां एक जैसी है। दोनों पार्टियों में कुछ भी फर्क नहीं है, अब तीसरे विकल्प के तौर पर लोगों के पास सिर्फ आप पार्टी है। जनता अपना पूरा समर्थन आप को देना चाहती है।